ऐसी दो कंपनियां, जो 100 से भी अधिक
देशों से ज्यादा बिजली का करती हैं इस्तेमाल
हम आज ऐसी दो कंपनियों की जानकारी साझा कर रहे हैं, जिनकी बिजली खपत ने दुनिया को चौंका दिया है। इन्होंने गत वर्ष 2023 में 48 TWh बिजली का उपयोग किया है, जिससे अनेक छोटे देशों को पूरे वर्ष प्रकाशवान रखा जा सकता था। चलिए जानते हैं इन दोनों कंपनियों के बारे में।
आप शायद ही यह अनुमान लगा पाएं कि दो ऐसी कंपनियां भी हैं, जिनकी बिजली की खपत विश्व के 100 देशों की बिजली खपत से भी अधिक है। यह दोनों टेक कंपनियां हैं-गूगल और माइक्रोसॉफ्ट। इनका बिजली उपयोग 100 देशों से भी अधिक है।
आज हर तरफ जेनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को बोलबाला है। इसने संपूर्ण विश्व में अपनी धूम मचा रखी है। दवा, शिक्षा, संगीत, कंप्यूटर आदि सभी क्षेत्रों में इसका प्रभाव दिख रहा है। निसंदेह जैसे-जैसे एआई तकनीकें विकसित और आधुनिक हो रहीं है उसी अनुपात में उसकी मांग भी निरंतर बढ़ती जा रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को काम करने के लिए अत्यधिक बिजली की आवश्यकता पड़ती है। इसीलिए एआई पर काम करने वाली इन दोनों कंपनियों का बिजली उपयोग 100 से ज्यादा देशों से अधिक हो गया है। एक शोध के अनुसार वर्ष 2023 में गूगल और माइक्रोसॉफ्ट ने 48 TWh (टेरावाट-घंटा) बिजली खपत की, जोकि घाना-ट्यूनीशिया जैसे 100 से भी अधिक था।
वास्तव में उपर्युक्त दोनों कंपनियों के अनेक डाटा सेंटर हैं, जो क्लाउड स्टोरेज एवं कंप्यूटिंग जैसी क्लाउड सर्विसेज को संचालित करते हैं। यही डाटा सेंटर अत्यधिक मात्रा में बिजली उपयोग करते हैं। विकसित तकनीकों पर काम करने से समय के साथ इनका बिजली उपयोग अत्यधिक बढ़ गया है।
माइकल थॉमस द्वारा एक्स (ट्विटर) पर साझा किए गए विश्लेषण से यह बात सामने आई है कि गूगल एवं माइक्रोसॉफ्ट ने 78.7 बिलियन डॉलर जीडीपी वाले देश अज़रबैजान के बराबर बिजली का उपयोग किया है। टेक रडार की रिपोर्ट की माने तो सन् 2023 में गूगल का राजस्व 307.4 बिलियन डॉलर तथा माइक्रोसॉफ्ट का 211.9 बिलियन डॉलर रहा था।
हालांकि, एआई के आधुनिकीकरण से पर्यावरण को होने वाली हानि को समझते हुए गूगल और माइक्रोसॉफ्ट रिन्यूएबल एवं वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत की खोज में लगी हुई हैं। एलन मस्क की माने तो हम आज एआई के साथ टेक्नोलॉजी के सबसे बड़े ब्रेकथ्रू के किनारे खड़े हैं, परंतु वर्ष 2025 तक हमारे पास पर्याप्त बिजली नहीं रह जाएगी। कुछ विशेषज्ञ न्यूक्लियर फ्यूजन को इसका सबसे उपयुक्त विकल्प मानते हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें